जी हां,रुद्रपुर-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक पॉश कॉलोनी का कूड़ा-कचरा कॉलोनी सोसाइटी के अध्यक्ष द्वारा एक कलकल बहती नदी के बहाव क्षेत्र में डलवाया जा रहा है और सैकड़ों टन कूड़ा-कचरा डलवाकर नदी के स्वरूप को अब नाले में परिवर्तित करने का काम बीते कई माह से किया जा रहा है…सूत्रों के अनुसार कॉलोनी सोसाइटी के अध्यक्ष का उद्देश्य नदी की सरकारी भूमि पर सैकड़ों टन कूड़ा-कचरा डालकर नदी की भूमि को पाटकर भूमि पर कब्जा करना है…
दरअसल नगर निगम के अंतर्गत आने वाली जिस पॉश कॉलोनी का कूड़ा कचरा नगर निगम के वाहनों से निगम द्वारा चिन्हित निर्धारित स्थान पर डालना चाहिये,उसे कालोनी सोसायटी अध्यक्ष की शह पर ट्रैक्टर में भरवाकर उक्त नदी के बहाव क्षेत्र की भूमि पर डलवाकर जेसीबी मशीन से नदी के बहाव क्षेत्र को पाटकर नदी के स्वरूप को विगत लम्बे अरसे से नाले में तब्दील किया जा रहा है…इस बात की सूचना जब स्थानीय लोगों ने SDM गदरपुर को दी तो SDM द्वारा इस पूरे मामले पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और नतीजा आपके सामने है…

नदी में जेसीबी मशीन से लगातार डाले जा रहे कूड़ा-कचरा से जहां एक तरफ नदी का स्वरूप नाले में परिवर्तित होने लगा है,वहीं दूसरी तरफ नदी भी बुरी तरह से प्रदूषित हो रही है… सवाल यह भी उठना है कि एक तरफ जहां रुद्रपुर से कूड़े का पहाड़ हटाने का श्रेय लेने के लिए जनप्रतिनिधियों में होड़ मची हुई है,वहीं दूसरी तरफ जनप्रतिनिधियों को नदी क्षेत्र में JCB मशीन से डाला जा रहा सैकड़ों टन कूड़ा अब क्यों नहीं दिखाई दे रहा है ? …

बहरहाल इस पूरे मामले का संज्ञान जिले के आला अधिकारियों को जरूर लेना चाहिये और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी करनी चाहिए ताकि प्रदूषित हो रहे नदी के जल और नदी की जमीन को बचाया जा सके।

