रुद्रपुर के जेसीज पब्लिक स्कूल में सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप कौशल मेला-2026 और विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया…दरअसल इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार, उद्यमिता और कौशल आधारित अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देना रहा…मेले में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, हुनर और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल और कई हस्तनिर्मित उत्पाद प्रस्तुत किए…

(कौशल मेले में दिखी नन्हे हुनरमंदों की प्रतिभा, विज्ञान मॉडलों ने खींचा सबका ध्यान)
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी शावेद आलम और विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया…इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना, उनके कौशल को विकसित करना और उनके विचारों को व्यावहारिक स्वरूप प्रदान करने के लिए प्रेरित करना भी है…

(किताबी ज्ञान से आगे बढ़े विद्यार्थी, कौशल मेले में दिखा हुनर और नवाचार)
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया…वहीं विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, आत्मनिर्भर बनने और व्यावहारिक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया…उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नवाचार, वैज्ञानिक जिज्ञासा,रचनात्मकता और उद्यमिता को एक मंच पर लाकर विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर भी बहुत कुछ सीखने के सार्थक अवसर प्रदान करते हैं…

(ऐपण कला से साबुन निर्माण तक, कौशल मेले में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता)
मेले में दीपावली की सजावटी सामग्री, साबुन निर्माण, क्रोशिया कार्य, टी-शर्ट पेंटिंग, रबर निर्माण, ऐपण कला सहित उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों और संस्कृति पर आधारित विभिन्न स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे…विद्यार्थियों ने इन स्टॉलों के माध्यम से न केवल अपनी कलात्मक प्रतिभा और कार्यकुशलता का परिचय दिया, बल्कि उद्यमिता एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया…वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों ने भी आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया…

स्कूल परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रम में जेसिस पब्लिक स्कूल विद्यालय के निदेशक सुधांशु पंत ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए यह कहा कि कौशल मेला राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020 की कौशल आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षा की अवधारणा को धरातल पर उतारने की दिशा में एक सार्थक पहल है…साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ जीवनोपयोगी कौशल सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर भी प्रदान करते हैं…

कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। जेसिस पब्लिक स्कूल में आयोजित कौशल मेला और विज्ञान प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और व्यावहारिक दक्षता प्रदर्शित करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया।

