ऊधमसिंहनगर के एसएसपी अजय गणपति ने DPS के 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, यातायात नियमों, नशे के दुष्प्रभावों और मानव तस्करी के प्रति जागरूक किया…उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर सुरक्षित रहने के कई तरीके भी बताए… दरअसल बीते बुधवार को DPS रुद्रपुर में आयोजित हुए एक कार्यक्रम में एसएसपी अजय गणपति ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए यह कहा कि साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें…SSP ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग ट्रैप, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया साथ ही साथ अजय गणपति ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह भी दी…

उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल-कूद, योग एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए IAS, IPS और अन्य प्रतिष्ठित सेवाओं के माध्यम से राष्ट्र सेवा करने का आह्वान भी किया…SSP ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं…उन्होंने विद्यार्थियों को हेलमेट, सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से दूर रहने और नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया…साथ ही SSP ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर पढ़ाई और खेलकूद पर ध्यान देने की सलाह भी दी… विद्यार्थियों को मानव तस्करी के प्रति सतर्क करते हुए एसएसपी ने अनजान लोगों के नौकरी और बेहतर भविष्य के प्रलोभनों से सावधान रहने की सलाह दी…कार्यक्रम के उपरांत एसएसपी अजय गणपति ने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया…इस दौरान उन्होंने विद्यालय के ट्रेज़र गार्डन, एरोबिक्स और स्पोर्ट्स सुविधाओं तथा शूटिंग रेंज का अवलोकन किया…

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विद्यालय में उपलब्ध अत्याधुनिक शैक्षणिक, खेल सुविधाओं, सुरक्षित वातावरण और अनुशासित नवाचार आधारित शिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए यह कहा कि दिल्ली पब्लिक स्कूल आधुनिक शिक्षा, उत्कृष्ट खेल संस्कृति, अनुशासन और संस्कारों का प्रभावशाली संगम है…कार्यक्रम में संबोधन के दौरान DPS के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी के लिए अनिवार्य है और विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं बल्कि नैतिक मूल्यों, अनुशासन, तकनीकी दक्षता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है…

इस अवसर पर DPS के वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर ने कहा कि आधुनिक तकनीक का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है…उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया और इंटरनेट का सदुपयोग, साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन तथा डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों के लिए उपयोग करने का आह्वान भी किया…उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, जिम्मेदारी और डिजिटल नैतिकता का विकास करते हैं…कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति और पुलिस-प्रशासन का विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति और जिम्मेदार नागरिकता के संबंध में महत्वपूर्ण संदेश देने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया…कार्यक्रम में सीओ विभव सैनी सहित जिले के कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

