जनपद ऊधमसिंहनगर में लगातार पुलिस-प्रशासन को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बड़ी-बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले जिले के कुख्यात गैंगस्टर गगन रतनपुरिया के खिलाफ पुलिस ने अब सख्त से सख्त कार्रवाई करने का मन बना लिया है, जिसकी तैयारियां भी अब पुलिस ने पूरी कर ली है…दरअसल बीते 28 नवंबर को किच्छा कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी में दिनदहाड़े स्कार्पियो सवार युवक पर गगन रतनपुरिया ने हमला कर जमकर फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था…उधर इस वारदात के बाद जिले के SSP मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर आज फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर CCTV फुटेज के आधार पर पूरी वारदात को अंजाम देने वाले गैंगस्टर गगन रतनपुरिया पुत्र स्वर्ण सिंह निवासी वीरूनगला किच्छा,विजय यादव पुत्र होरीलाल निवासी आवास विकास किच्छा,उदय सिंह पुत्र चंद्र सिंह निवासी शिवनगर रुद्रपुर और सोनी अटवाल निवासी लुधियाना पंजाब को चिन्हित कर लिया है…
(गैंगस्टर गगन रतनपुरिया गैंग द्वारा 28 नवंबर को किच्छा में दिनदहाड़े दहशत फैलाकर गोलीकांड की वारदात को अंजाम देने का CCTV वीडियो)
हम आपको बता दें कि जिले के कुख्यात गैंगस्टर गगन रतनपुरिया पर हत्या,हत्या का प्रयास, लूट और अपहरण जैसे लगभग तीन दर्जन मुकदमे ऊधमसिंहनगर और उत्तर प्रदेश के में दर्ज हैं…हम आपको बता दें कि जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के पूर्व के कार्यकाल में ऑपरेशन लंगड़ा के तहत गैंगस्टर गगन रतनपुरिया को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली मारकर गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया था पर जेल से बाहर आने के बाद इस गैंगस्टर ने SSP मणिकांत मिश्र को चुनौती देते हुए बीते शनिवार की किच्छा में दिनदहाड़े वर्चस्व की लड़ाई को लेकर स्कॉर्पियो सवार युवक पर हमला कर कई राउंड गोलियां चलाकर किच्छा में दहशत का माहौल पैदा करने के बाद मौके से फरार हो गया था…

(गोली कांड की वारदात को अंजाम देते हुए सीसीटीवी में कैद कुख्यात गैंगस्टर गगन रतनपुरिया और उसकी गैंग के तीन सदस्य)
इस कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी के लिए SSP के आदेश पर एसओजी और पुलिस की कई टीमें फिलहाल यूपी और उत्तराखंड के कई जनपदों में दबिश दे रही है…उधर आज गैंगस्टर गगन रतनपुरिया और उसके फरार साथी उदय सिंह के घर पर बुलडोजर लेकर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए…अधिकारियों ने फरार दोनों अपराधियों के घरों के पैमाइश भी पूरी कर ली है और यह संभावना जताई जा रही है कि अगले एक-दो दिन में अगर इन अपराधियों ने अगर आत्मसमर्पण नहीं किया तो संभवत: उनके मकानों पर पुलिस का बुलडोजर भी चल सकता है…दरअसल अपने पूर्व के कार्यकाल में SSP मणिकांत मिश्र ने अपराध और अपराधियों की दृष्टि से राज्य के सबसे संवेदनशील जनपद ऊधमसिंहनगर में पुलिस को चुनौती देकर बड़ी-बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देने के लिए जिले में ऑपरेशन लंगड़ा की शुरुआत की थी…

(मणिकांत मिश्रा , SSP, ऊधमसिंहनगर)
अपने पूर्व के कार्यकाल में SSP मणिकांत मिश्रा के कुशल निर्देशन में पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में 38 अपराधियों को ऑपरेशन लंगड़ा के तहत अलग-अलग मुठभेड़ में 9 एमएम की गोली का स्वाद भी चखया था पर बीते आठ माह पूर्व मणिकांत मिश्रा का जिले से तबादला हो गया था पर उनके स्थान पर बतौर SSP जिले का चार्ज ग्रहण करने वाले अजय गणपति ने भी जिले में ऑपरेशन लंगड़ा बदस्तूर जारी रखा और लगभग आधा दर्जन अपराधियों को गणपति के कुशल निर्देशन में पुलिस ने मिश्रा के स्टाइल में सबक भी सिखाया था…उधर मणिकांत मिश्रा की बतौर SSP जिले में दूसरी बार आमद होने के बाद से ही जनपद में एक बार फिर “ऑपरेशन लंगड़ा” की शुरुआत हो चुकी है…हालांकि ऑपरेशन लंगड़ा के प्रथम चरण में पुलिस की गोली खाने वाले गगन रतनपुरिया ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्र को गंभीर चुनौती देते हुए दिनदहाड़े जिस तरह से बीते शनिवार को किच्छा में आपराधिक वारदात को अंजाम दिया है उससे पुलिस के ऑपरेशन लंगड़ा पर भी सवालिया निशान खड़े हो गए हैं…

(गैंगस्टर गगन रतनपुरिया के यहां जेसीबी मशीन लेकर पहुंची पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम)
बहरहाल जनता को उम्मीद है कि पुलिस को चुनौती देने वाले जिले के कुख्यात गैंगस्टर रतनपुरिया को इस बार पुलिस ऐसा सबक जरूर सिखाएगी की जिले में कम से कम पुलिस के ऑपरेशन लंगड़ा का इकबाल बुलंद रह सके रहे…दरअसल पुलिस को भी यह समझना होगा की ऐसे कुख्यात अपराधियों के खिलाफ अगर पुलिस सख्त एक्शन नहीं लेती है तो आने वाले समय में आम जनता के बाद ऐसे अपराधी पुलिस को भी अपना निशाना बनाने से नहीं चूकते हैं…लिहाजा जिले में कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए अपराध और अपराधियों पर बहुत ही मजबूती के साथ पुलिस को शिकंजा कसना चाहिए ताकि जनता के जहन में भी पुलिस के प्रति सदैव विश्वास और सम्मान दोनों ही कायम रह सके।

