कहते हैं ना सियासत की शतरंज में रिश्ते बदलते देर नहीं लगती…जी हां,जो कल तक थे प्रतिद्वंद्वी,अब उनमें हो गई है पॉलीटिकल संधि…बीते दिनों रुद्रपुर के नगर निगम सभागार में राज्य के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा की मौजूदगी में करोड़ों के विकास कार्यों का श्रेय लेने को लेकर सार्वजनिक मंच पर अपने समर्थकों के साथ एक दूसरे पर तीखे बाण छोड़ने वाले रुद्रपुर के बयान वीर उर्फ श्रेयवीर माननीय मेयर विकास शर्मा और भाजपा विधायक शिव अरोड़ा की आज देहरादून में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के समक्ष पेशी होने बाद दोनों की गलबहियां वाली फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है…दरअसल बीते दिनों करोड़ों के विकास कार्य का श्रेय लेने को लेकर रुद्रपुर नगर निगम में एक कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा की मौजूदगी में इशारों ही इशारों में विधायक को सलाह देते हुए सार्वजनिक मंच से अपने तरकस से मीडिया के लिए जहरीले बाण छोड़ने वाले मेयर आज महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में विधायक शिव अरोड़ा के साथ गले में हाथ डालकर ऐसे खड़े थे मानो कुंभ के मेले में बिछड़े दो भाइयों का वर्षों बाद मिलन हो रहा हो…इन दोनों प्रतिद्वंद्वी यार के नए अवतार को देखकर यह कहा जा सकता है कि राजनीति की यही तो सबसे बड़ी पहचान है…जहाँ कल विरोध था,आज वहीं सम्मान है…
बीते दिनों परिवहन मंत्री की मौजूदगी में नगर निगम रुद्रपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में करोड़ों की विकास योजनाओं के शिलान्यास पट्ट पर रुद्रपुर के विधायक शिव अरोड़ा का नाम तो नहीं था पर आज मेयर विधायक के साथ भाजपा अध्यक्ष की मौजूदगी में ऐसे दिखाई दे रहे थे मानो शिव नाम का जाप कर रहे हो…मीडिया कर्मियों को कभी नचनिया,कभी वामपंथी,कभी कांग्रेसी और कभी राष्ट्रवादी विचारधारा से होने का प्रमाण पत्र देने वाले मेयर और विधायक की गलबहियां वाली फोटो दून में मानो अब इस उम्मीद के साथ खिंचवाई गई हो कि विधायक और मेयर के बीच सभी दूरियां खत्म हो गई हो…इन दोनों प्रतिद्वंद्वी यारों को देखकर यह स्पष्ट कहा जा सकता है कि है सियासत में न कोई स्थायी दोस्त और न कोई स्थायी दुश्मन होता है,पॉलीटिकल माइलेज के लिए बदली हुई परिस्थितियों में दुश्मन कभी भी दोस्त बन सकता है… प्रोटोकॉल के ज्ञान में काफी निपुण मेयर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोड़ा की इस फोटो को देखकर ऐसा भी प्रतीत है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष पेशी के बाद मेयर महोदय विधायक शिव अरोड़ा को मनाने के लिए ही शिव जी की फोटो उन्हें सप्रेम भेंट कर रहे हैं…

लिहाजा ये सब देख कर तो यह भी कहा जा सकता है कि जिनके बयानों में कल तक तल्ख़ियाँ भाषणों में नसीहत और श्रेय लेने की आग थी,वक्त की बिसात बदली तो दोनों की गलबहियां वाली तस्वीर अब जनता के समक्ष साथ-साथ थी…उम्मीद है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विधायक बनने की लालसा रखने वाले मेयर को यह पाठ भी जरूर पढ़ाया होगा कि विधायक बनने के लिए मीडिया कर्मियों को नचनिया,कम्युनिस्ट,कांग्रेसी और राष्ट्रवादी होने का प्रमाण पत्र देने की जगह वो यत्र-तत्र मीडिया कर्मियों से अपने संबंध मधुर बनाए रखें। बहरहाल देहरादून में आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की फटकार के बाद भले ही मेयर और विधायक गलबहियां करते दिखाई दे रहे हैं पर बड़ा सवाल अब भी यही है कि एक ही पार्टी में रहकर भयंकर राजनीतिक प्रतिद्वंद्वीता रखने वाले मेयर और विधायक के दिलों की रार क्या मिट पाएगी ?

